रायगढ़ जिले में हाथियों का उत्पात: 34 हाथियों के दल ने रातभर किसानों की फसल रौंदी, ग्रामीणों ने जलती मशालों के सहारे की निगरानी

रायगढ़। जिले में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है। 22 नवंबर की रात तमनार रेंज में विचरण कर रहे 34 हाथियों के दल ने खेतों में घुसकर किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। देर रात सामारूमा और सराईपाली बीट के हर्राडीही गांव में पहुंचे हाथियों ने कई किसानों की फसल रौंद दी और बाद में जामडबरी व सामारूमा गांव के खेतों में भी नुकसान पहुंचाया। कुल 10 किसानों की फसल पूरी तरह तबाह हो गई है।
रातभर डटे रहे हाथी, ग्रामीणों ने आग जलाकर की निगरानी
हाथियों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया। लेकिन हाथियों का दल रातभर गांव के आसपास डटा रहा। डर के माहौल के बीच ग्रामीणों और वनकर्मियों ने आग जलाकर पूरी रात निगरानी की। सुबह होने से पहले हाथियों का दल जंगल की ओर लौट गया।
सड़कों पर भी आ रहे हाथी, स्थिति चिंताजनक
सूत्रों के अनुसार, हाथियों की गतिविधि इस समय लगातार बढ़ रही है और वे सड़कों पर भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई है।
कई रेंज में नुकसान, 40 हाथियों का दल सक्रिय
रायगढ़ वन मंडल में इस समय कुल 40 हाथियों का एक बड़ा दल सक्रिय है।
तमनार रेंज में 34 हाथी
पड़िगांव क्षेत्र में 2 हाथी
घरघोड़ा रेंज के छर्राटांगर बीट में 3 हाथी
इसी रेंज के कमतरा क्षेत्र में 1 किसान की फसल को नुकसान पहुंचाया गया है।












