छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ले ली है। दिनभर की तपन और उमस के बाद रात में हुई झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली है। बुधवार देर रात रायपुर और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद गुरुवार सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा और वातावरण में ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बलरामपुर, रामानुजगंज, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत अन्य जिलों में आज जोरदार बारिश हो सकती है।
विभाग ने साथ ही चेतावनी जारी की है कि कुछ स्थानों पर वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है।
बारिश से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है, जिससे आमजन को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।












