राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिलासपुर में निकाली गई भव्य साइकिल रैली

बिलासपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज बिलासपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं और 300 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक साइकिल रैली निकाली। यह रैली भारत सरकार के फिट इंडिया कार्यक्रम “Sundays on Cycle” के अंतर्गत आयोजित की गई। रैली का शुभारंभ पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, नूतन चौक सरकंडा से हुआ और समापन स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में किया गया।
रैली को पूर्व ओलंपियन एवं हॉकी के हेड कोच अजीत इमानुएल लकड़ा और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों और खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व को रचनात्मक और प्रेरणादायी ढंग से प्रस्तुत किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन भारत सरकार द्वारा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने और देश की समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस वर्ष 29 से 31 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस समारोह का उद्देश्य ओलंपिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए ईमानदारी, महत्वाकांक्षा और सामूहिक भावना के साझा दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है। साथ ही, खेलों के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, समावेशिता और टीमवर्क को प्रोत्साहित करते हुए जनसामान्य को खेलों से जोड़ना है।
साइकिल रैली में खेल विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का, स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक पी. दासरथी और अखिलेश मेहता, खेल अधिकारी सुशील अमलेश, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, जिला क्रीड़ा अधिकारी साजिद खान सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, व्यायाम अनुदेशक, खेल विभाग और खेलो इंडिया स्टेट सेंटर के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।












