Sakti BJP News: प्रेम पटेल बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा सक्ती के जिला अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह

प्रदेश नेतृत्व की अनुशंसा पर मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
सक्ती विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा ग्रामीण मंडल सक्ती के पूर्व अध्यक्ष प्रेम पटेल को भारतीय जनता पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव की अनुशंसा पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी नवीन मार्कंडेय ने उन्हें भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का सक्ती जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में नियुक्ति आदेश 30 जनवरी 2026 को जारी किया गया।
सक्ती जिले में कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
प्रेम पटेल की नियुक्ति की खबर सामने आते ही सक्ती जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे संगठन के लिए मजबूती भरा कदम बताया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रेम पटेल ने कहा कि वे पूरी सजगता एवं तत्परता के साथ सक्ती जिले में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चे को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में संगठन को मंडल स्तर पर सशक्त रूप से गठित किया जाएगा।
सक्रिय राजनीति और सामाजिक पहचान
प्रेम पटेल सक्ती विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उनकी धर्मपत्नी ममता पटेल पूर्व में जनपद पंचायत सक्ती की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं स्वयं प्रेम पटेल वर्तमान में सेवा सरकारी समिति पोरथा के अध्यक्ष हैं तथा वे छत्तीसगढ़ प्रदेश मरार पटेल समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में समाज के प्रदेश संरक्षक की भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में सक्ती क्षेत्र में कई बड़े सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित हो चुके हैं।
विधानसभा चुनावों में रहे सशक्त दावेदार
साल 2018 और 2023 के विधानसभा चुनावों में प्रेम पटेल को भारतीय जनता पार्टी की ओर से सशक्त दावेदार के रूप में देखा गया था। उन्होंने टिकट के लिए मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की थी और उनकी लोकप्रियता एवं जनाधार को देखते हुए पार्टी द्वारा प्रत्याशियों के पैनल में उनका नाम भी शामिल किया गया था।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
पार्टी सूत्रों का मानना है कि प्रेम पटेल की नियुक्ति से सक्ती जिले में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चे को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक स्तर पर पार्टी और अधिक मजबूत होगी।












