मुख्यमंत्री और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले सरकारी स्कूल अंतरिक्ष केंद्र का किया शुभारंभ

बच्चों ने रॉकेट का किया सफल प्रक्षेपण
नवा रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ग्रुप कैप्टन व अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने आज राखी में आयोजित कार्यक्रम में जशपुर के बच्चों द्वारा तैयार रॉकेट का बटन दबाकर प्रक्षेपण किया। आईडीवायएम के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह देश के किसी सरकारी स्कूल में स्थापित पहला अंतरिक्ष केंद्र है। बच्चों ने कार्डबोर्ड और पीवीसी पाइप का उपयोग कर रॉकेट तैयार किया।
अंतरिक्ष संगवारी प्रोजेक्ट के तहत पहला सरकारी अंतरिक्ष केंद्र
यह अंतरिक्ष केंद्र जिला प्रशासन रायपुर की पहल, आईडीवायएम और सारडा ग्रुप के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय उ.मा. विद्यालय राखी, नवा रायपुर में स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने आज इसका शुभारंभ कर इसका अवलोकन किया।
केंद्र में उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाएं
अंतरिक्ष केंद्र में स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी, ग्राउंड स्टेशन और मिशन कंट्रोल सेंटर की सुविधा मौजूद है। विद्यार्थी यहां उपग्रह का डिजाइन, असेम्बली, परीक्षण और सिग्नल व डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
सरकारी अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, वन मंत्री केदार कश्यप, भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप, आईडीवायएम के अध्यक्ष व सह-संस्थापक रत्नेश मिश्रा और हेड ऑफिसर शिव सिंग भदोरिया उपस्थित थे।
बच्चों और छात्रों के लिए नई सीख और प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा और उन्हें भविष्य में विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान में योगदान करने के लिए प्रेरित करेगा।












