Uncategorised

तिल्दा-नेवरा में बैकुंठ पुलिया के पास दर्दनाक रेल हादसे में दो कर्मचारी की मौके पर मौत

Advertisement


रायपुर / तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक रेल हादसा सामने आया। बैकुंठ पुलिया के ऊपर डाउन मिडिल लाइन के पास तेज रफ्तार लिंक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक रेलवे विभाग का नियमित कर्मचारी और दूसरा रेलवे से जुड़ा ठेका कर्मी बताया जा रहा है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

लाला राम बंजारे (55 वर्ष) — रेलवे विभाग के नियमित कर्मचारी

मोहन लाल साहू (26 वर्ष) — रेलवे कार्यों से जुड़ा ठेका कर्मी
के रूप में की गई है।


तेज रफ्तार ट्रेन ने नहीं दिया संभलने का मौका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों व्यक्ति रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही लिंक एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल तिल्दा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। रेलवे विभाग से संबंधित ड्यूटी रिकॉर्ड और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के समय दोनों व्यक्ति किस कार्य से वहां मौजूद थे।

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन अस्पताल और थाने में गहरे सदमे की स्थिति में नजर आए।

स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग

इस दर्दनाक हादसे के बाद तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और चेतावनी सिस्टम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button