दुर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की पहली बैठक, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की अध्यक्षता

दुर्ग । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की प्रथम बैठक शुक्रवार को जिला मुख्यालय दुर्ग स्थित लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत प्रमुख विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, बजटीय प्रावधानों तथा नवीन स्वीकृत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी गंभीर चर्चा हुई। यह बैठक अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए संचालित योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राधिकरण का मूल उद्देश्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट का समयबद्ध और पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों की जिलेवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ऐसे कार्य जो अभी तक प्रारंभ नहीं हुए हैं या प्रगतिरत हैं, उन्हें दो माह की समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र से संबंधित स्वीकृत विकास कार्यों, सेवाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें तथा सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से सीधे संवाद कर विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को ज़मीन पर उतारकर पिछड़ा वर्ग समुदाय के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है।












