‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार

विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जागृत करने, परीक्षा के तनाव को दूर करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के उद्देश्य से ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे, जिला मिशन समन्वयक ओम पांडेय, समग्र शिक्षा के समस्त सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी), विकासखंड बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शहरी स्रोत समन्वयक, तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ का सजीव प्रसारण देखा गया, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को परीक्षा को जीवन का उत्सव मानने की प्रेरणा दी और सहज संवाद के माध्यम से उनके मन की बात को ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानमंत्री ने परीक्षा की तैयारी, परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन, बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में संतुलन, सीमित संसाधनों में सफलता प्राप्त करने के उपाय, खेल और शिक्षा के बीच सामंजस्य, साथ ही तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सकारात्मक उपयोग जैसे विषयों पर सरल, व्यावहारिक और प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया।
प्रधानमंत्री के संबोधन ने विद्यार्थियों के मन से भय और दबाव को दूर करते हुए उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता का संचार किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरक बताते हुए कहा कि यह उनके शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।












