अंबिकापुर में हाईवे जाम कर मनाया जन्मदिन, एंबुलेंस फंसी; 7 युवकों पर केस दर्ज

अंबिकापुर/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे-43 पर सड़क जाम कर जन्मदिन मनाने का मामला सामने आया है। घटना 16 फरवरी की बताई जा रही है, जब सूरजपुर जिले के चठिरमा इलाके में कुछ युवकों ने हाईवे पर गाड़ियां खड़ी कर ट्रैफिक रोक दिया और बीच सड़क केक काटकर जश्न मनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लगभग 30 मिनट तक लोग फंसे रहे। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे जश्न खत्म होने का इंतजार करना पड़ा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक कार की बोनट पर केक काटते और आतिशबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि जश्न का वीडियो खुद युवकों ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। लटोरी थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज की गई है। चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर 7 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की हरकतें न करें, क्योंकि इससे न केवल कानून का उल्लंघन होता है बल्कि आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी बाधित होती है।





