Uncategorised

रायगढ़ में भीषण सड़क हादसे: पिकअप पलटने से 4 की मौत, अन्य घटनाओं में 2 और ने गंवाई जान

Advertisement

रायगढ़ जिले में बुधवार रात अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, 4 ग्रामीणों की मौत

जानकारी के अनुसार छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बंगरसुता निवासी राठिया परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ कापू थाना क्षेत्र के ग्राम गोसाईडीह में सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गया था। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे लगभग 25 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे।

शाम करीब 7 बजे मड़वाताल-जमरगा गांव के पास घाटी में अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। वाहन की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी खाई में गिरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रहे बुलेरो और बाइक सवारों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

घायलों को पहले कापू अस्पताल ले जाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। 12 घायलों को गंभीर हालत में रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दो और ग्रामीणों ने दम तोड़ दिया। दो घायलों को गंभीर स्थिति में रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

मृतकों के नाम

परिजनों के अनुसार हादसे में:

  • कालाराम राठिया (60 वर्ष)
  • छतर सिंह राठिया (60 वर्ष)
  • इजवल सिंह राठिया (45 वर्ष)
  • निरज सिंह राठिया (45 वर्ष)

की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

गांव में पसरा मातम

बंगरसुता गांव में जहां सगाई की खुशी का माहौल था, वहां अब शोक छा गया है। एक ही गांव के कई लोगों की मौत और गंभीर चोटों से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।


तेज रफ्तार बाइक से गिरकर युवक की मौत

दूसरी घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम झगरपुर की है। 18 वर्षीय वीरेंद्र खड़िया अपने दो दोस्तों के साथ एक ही बाइक पर शादी समारोह में जा रहा था। मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई।

तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। उसके दोनों साथी दिनेश सिदार और लक्ष्मण सिदार का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


हाइवा की टक्कर से श्रमिक की मौत, मुआवजे की मांग पर चक्काजाम

तीसरी घटना कोतरारोड थाना क्षेत्र की है। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम फगुरम निवासी 28 वर्षीय गुलशन बंजारे काम से लौटते समय ग्राम धनागर के पास एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये और अतिरिक्त 60 हजार रुपये दिए जाने के बाद करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और तेज रफ्तार हाइवा-ट्रैक्टरों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button