Uncategorised

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त का वितरण, छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में 498.83 करोड़ रुपये हस्तांतरित

Advertisement

रायपुर, 14 मार्च 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18,640 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए। छत्तीसगढ़ में 24 लाख 71 हजार किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित पीएम किसान निधि राशि अंतरण एवं पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन प्रदेश के किसानों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत हर वर्ष तीन किश्तों में किसानों को कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो उनके परिश्रम और योगदान का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक 11,283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार बनने के बाद किसानों को बोनस राशि भी प्रदान की गई, जिसके तहत 13 लाख किसानों के खातों में 3,716 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहाँ प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाती है और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान तुरंत सुनिश्चित किया जाता है। इसके अतिरिक्त, कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि होली से पहले अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती को प्रोत्साहित कर रही है। सिंचाई के लिए कृषि पंपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए इस वर्ष के बजट में 5,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु 40 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से दो वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजना शुरू की गई है।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है और किसानों को धान के साथ अन्य फसलों की खेती पर ध्यान देने की अपील की, जिससे पानी की बचत होगी और उनकी आय बढ़ेगी।

इस अवसर पर धरसीवां विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कृषि विभाग के संचालक राहुल देव, बीज विकास निगम के एमडी अजय अग्रवाल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button