IAS Ravi Mittal: केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ के 2016 बैच के आईएएस डॉ. रवि मित्तल को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्हें प्रतिनियुक्ति पर प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यह नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से चार वर्षों की अवधि के लिए या अगले आदेश तक प्रभावशील रहेगी।
इस आदेश में साफतौर पर लिखा है कि डॉ. रवि मित्तल का कार्यकाल चार साल का होगा, जो उनके कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावशील होगा। हालांकि प्रशासनिक लिहाज से उनके कार्यकाल में बदलाव भी किया जा सकता है। जारी आदेश के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने आईएएस रवि मित्तल (छत्तीसगढ़ कैडर – 2016) को प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव के पद पर नियुक्त करने की स्वीकृति मंजूर कर दी है। इसमें स्पष्ट है कि यह प्रतिनियुक्ति चार वर्षों के तय कार्यकाल के लिए ही है, लेकिन जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव भी किया जा सकता है। ऐसे में यह नियुक्ति अगले आदेश तक भी प्रभावी रहेगी। फिलहाल, ये जिम्मेदारी उनके प्रशासनिक सफर को नई दिशा दे सकती है। पीएमओ में उनकी नियुक्ति को प्रदेश के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे केंद्र में छत्तीसगढ़ कैडर की भागीदारी मजबूत होगी।
संभाल रहे थे यह दायित्व
वर्तमान में रवि मित्तल छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग में आयुक्त और छत्तीसगढ़ संवाद सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री सचिवालय में भी संयुक्त सचिव का दायित्व देख रहे हैं। पिछले डेढ़ साल से वे राज्य शासन के संचार और सूचना तंत्र में अहम भूमिका निभा रहे थे।