तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी बाइक को टक्कर: असिस्टेंट मैनेजर की मौके पर मौत, डिप्टी मैनेजर गंभीर

रायगढ़। जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में बरौद कॉलरी के असिस्टेंट मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डिप्टी मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रेनिंग से लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेडा निवासी मुकेश कुमार पटेल (40 वर्ष) वर्तमान में बरौद कॉलरी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ थे। उनके साथ डिप्टी मैनेजर दिनेश कुमार कश्यप भी कार्यरत हैं। दोनों अधिकारी 6 अप्रैल को एमडीआई बिलासपुर में प्रशिक्षण के लिए गए थे और शुक्रवार को रायगढ़ लौटे थे।
रात करीब 8 बजे दोनों एक ही बाइक से रायगढ़ से घरघोड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पूंजीपथरा क्षेत्र में प्रदीप ढाबा के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही मौत, साथी गंभीर घायल
हादसे में मुकेश कुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश कुमार कश्यप दूर जा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुकेश पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिनेश कश्यप को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






