छत्तीसगढ़

देशभर में मौसम का कहर: छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि, दिल्ली में आंधी-बारिश, कई राज्यों में जनहानि

Advertisement

मैनपुर/रायपुर। देश के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे कई राज्यों में भारी नुकसान और जनहानि की खबरें सामने आई हैं। कहीं तेज गर्मी के बाद आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हुई तो कहीं तूफान ने तबाही मचाई।

छत्तीसगढ़ के उदंती अभ्यारण्य में ओलावृष्टि और तेज बारिश

उदंती अभ्यारण्य क्षेत्र में गुरुवार को करीब आधे घंटे तक तेज हवा के साथ झमाझम बारिश और भारी ओलावृष्टि हुई।

गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत कई गांवों—इंदागांव, कोयबा, करलाझर, साहेबिनकछार, नागेश, अमाड़, कुरूंभाठा, बरगांव, बम्हनीझोला और खासरपानी—में इसका ज्यादा असर देखने को मिला।

तेज हवा के कारण कई बड़े पेड़ गिर गए, जिससे वनोपज जैसे चार, महुआ और तेंदूपत्ता को भारी नुकसान हुआ है। मैनपुर-देवभोग मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात करीब दो घंटे बाधित रहा।

ग्रामीणों के अनुसार, यह ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि चारों ओर बर्फ जैसी परत बिछ गई और मौसम अचानक ठंडा हो गया।

दिल्ली-एनसीआर में आंधी और ओलावृष्टि

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

तेज हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई, जिससे पेड़ गिरने और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की भी खबरें आईं। हालांकि इससे भीषण गर्मी से लोगों को अस्थायी राहत मिली।

मध्यप्रदेश में बड़ा हादसा, 4 शव बरामद

मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में तेज तूफान के बीच एक क्रूज नाव पलटने से बड़ा हादसा हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाव में 30 से अधिक लोग सवार थे। चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

देशभर में मौसम अस्थिर, 24 घंटे में कई मौतें

मौसम के इस बदले मिजाज के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी, बारिश और लू से करीब 24 लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं। कई जगह पेड़ गिरने, मकानों को नुकसान और बिजली व्यवस्था ठप होने जैसी घटनाएं भी दर्ज की गई हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button