नामपल्ली स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, हैदराबाद–जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग

हैदराबाद। नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हैदराबाद–जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में आग लग गई। आग ट्रेन के थ्री-टियर एसी कोच B1 और B2 में लगी, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
डिपार्चर से पहले कोच में लगी आग, बड़ा हादसा टला
जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन हैदराबाद से जयपुर के लिए रवाना होने वाली थी और इसका निर्धारित प्रस्थान समय शाम 7 बजे था। लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। राहत की बात यह रही कि उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
धुआं उठते ही फैल गई आग, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक एसी कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद दूसरे कोच से भी धुआं उठने लगा और आग फैल गई। देखते ही देखते दोनों कोच आग की लपटों में घिर गए, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन प्रशासन सक्रिय हो गया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।
चेन्नई में टेक महिंद्रा परिसर में भी लगी आग, कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकाले गए
इसी बीच चेन्नई स्थित टेक महिंद्रा के परिसर में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग लगते ही कर्मचारियों को तुरंत इमारत से बाहर निकाला गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को प्रभावित कर दिया और आसमान में घना काला धुआं फैल गया।
सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




