पत्थलगांव के घोघरा डैम में दर्दनाक हादसा, रविवार दोपहर की घटना से पूरे क्षेत्र में पसरा मातम

जशपुरनगर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बालाझार स्थित घोघरा डैम में रविवार दोपहर हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्ष की मासूम बेटी की मौत हो गई। बड़ी बेटी ने तैरकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी परिजन को दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालाझार निवासी सुकांती तिग्गा उम्र 32 वर्ष रविवार दोपहर अपनी दो बेटियों के साथ घोघरा डैम में कपड़े धोने और नहाने गई थीं। बताया जा रहा है कि सुकांती लगभग आठ, माह की गर्भवती थीं। नहाने के दौरान अचानक उनका और उनकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा उम्र 8 वर्ष का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी की ओर चली गई। डैम में पानी अधिक गहरा होने के कारण मां-बेटी खुद को संभाल नहीं सकीं और देखते ही देखते पानी में डूब गई।
बड़ी बेटी ने तैरकर बचाई जान
घटना के समय वहां मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा उम्र 10 वर्ष ने साहस का परिचय देते हुए किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। मां और छोटी बहन को डूबते देख वह घबराई हुई हालत में दौड़कर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में डैम पहुंचे। मौके पर महिला के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें किनारे पर पड़ी मिलीं, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
एक झटके में उजड़ गया परिवार
इस हृदयविदारक हादसे ने मृतका के पति इमानवेल तिग्गा और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार ने एक ही घटना में पत्नी, गर्भ में पल रहे बच्चे और मासूम बेटी को खो दिया।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि डैम के खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। लोगों ने चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






