केन्या के गर्ल्स स्कूल हॉस्टल में भीषण आग, 16 की मौत; 73 छात्राएं अस्पताल में भर्ती

Kenya के Nakuru County में स्थित Utumishi Girls Academy के हॉस्टल में भीषण आग लगने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में ज्यादातर छात्राएं शामिल हैं, जबकि 73 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग देर रात करीब 1 बजे गिलगिल इलाके स्थित बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में लगी। हालांकि इसकी सूचना दो घंटे से अधिक समय बाद प्रशासन को मिल पाई। राहत और बचाव कार्य में जुटी Kenya Red Cross की टीम ने बताया कि आपातकालीन दल, एम्बुलेंस और सहायता कर्मी मौके पर लगातार राहत कार्य में लगे रहे।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आग पर काबू पा लिया गया है। काउंटी पुलिस अधिकारी Masood Mwinyi ने इसे बेहद दर्दनाक घटना बताते हुए कहा कि कई छात्राएं आग लगने के दौरान घबराकर आसपास के क्षेत्रों में भाग गई होंगी, जिनकी तलाश के लिए लगभग 50 अधिकारियों की टीम लगाई गई है।
केन्या में स्कूलों में आग की घटनाएं बनी बड़ी समस्या
केन्या में स्कूलों में आग लगने की घटनाएं लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार इन घटनाओं के पीछे आगजनी, खराब इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली की खराबी, हॉस्टलों में अधिक भीड़ और छात्रों की नाराजगी जैसे कारण सामने आते रहे हैं।
देश में स्कूल आगजनी की सबसे बड़ी घटना वर्ष 2001 में हुई थी, जब Kyanguli Secondary School में हॉस्टल में आग लगने से 67 छात्रों की मौत हो गई थी। वहीं 2017 में Moi Girls High School में लगी आग में 10 छात्राओं की जान चली गई थी।



