सीसीपीएल के प्रचार के लिए रायगढ़ पहुंची टीम, राजधानी में भिड़ रहीं 6 टीमें

रायगढ़। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष टीम रायगढ़ पहुंची। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों को शामिल करते हुए छह टीमों का गठन किया गया है, जिनमें रायगढ़ लॉयन्स भी शामिल है।
रायगढ़ लॉयन्स सहित छह टीमें ले रहीं हिस्सा
जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामचन्द्र शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में रायगढ़ लॉयन्स, रायपुर रॉयनोस, बस्तर बाइसन, सरगुजा टाइगर्स, राजनांदगांव पैंथर्स और बिलासपुर बुल्स भाग ले रही हैं। रायगढ़ लॉयन्स की टीम ने जिले में अभ्यास सत्र भी आयोजित किया।
खेल और मनोरंजन कार्यक्रमों से किया प्रचार
सीएससीएस द्वारा पूरे प्रदेश में सीसीपीएल की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार दल रवाना किया गया है। रायगढ़ में कमला नेहरू गार्डन और सिंदूर पार्क के सामने आयोजित कार्यक्रमों में खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों और आमजन को सीसीपीएल के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संतोष पाण्डेय, सचिव रामचन्द्र शर्मा, अंपायर विशाल सिंघानिया, महेश वर्मा, पंकज बोहिदार, कोच अभिषेक गुप्ता, महेश दधीची, वरिष्ठ खिलाड़ी अमित कुंवर, मलय आइच, कार्यक्रम प्रबंधक रोहित नामदेव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
14 जून को रायपुर में होगा फाइनल मुकाबला
रामचन्द्र शर्मा ने बताया कि सीसीपीएल का आयोजन रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 14 जून को खेला जाएगा।
सीएससीएस और जिला क्रिकेट संघ ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में फाइनल देखने रायपुर पहुंचने की अपील की है। आयोजन की खास बात यह है कि दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।







