कबीर जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बिजली बिल समाधान योजना 3 माह बढ़ाने की घोषणा

रायपुर। विष्णुदेव साय और थावरचंद गहलोत सोमवार को राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लिया और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में रमन सिंह और तोखन साहू भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
संत कबीर का संदेश आज भी प्रासंगिक
गुरु असंग देव ने कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि सच्चा सुख सेवा से ही मिलता है।
थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता और मानव सेवा का संदेश आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि जात-पात और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलना ही कबीर की असली शिक्षा है।
छत्तीसगढ़ कबीर की तपोभूमि: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है। उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता, इसलिए संत कबीर की वाणी का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है।
उन्होंने कहा कि संत कबीर ने छुआछूत, जाति-पांति और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरण किया और समाज को नई दिशा दी। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रेम, भाईचारे और समरसता का संदेश देती हैं।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। उन्होंने लोगों से इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह बढ़ाने का ऐलान किया। इससे अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिल जमा कर सकेंगे।







