Operation Ankush Raigarh : शहीद चौक में महिला सट्टा संचालक गिरफ्तार, मोबाइल और सट्टा रिकॉर्ड जब्त

ऑपरेशन अंकुश के तहत साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहीद चौक क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक महिला को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सट्टा का लेखा-जोखा और नगद राशि जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई योजनाबद्ध छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि शहीद चौक निवासी अनिता साहू अपने घर से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अवैध सट्टा संचालन कर रही है। सूचना के आधार पर साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश देकर कार्रवाई की।
मोबाइल में मिला सट्टा कारोबार का रिकॉर्ड
छापेमारी के दौरान आरोपी महिला अनिता साहू घर पर मौजूद मिली। पूछताछ में उसने सट्टा-पट्टी लिखने की बात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उसके पास से ग्रे रंग का रियलमी मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल की गैलरी की जांच में राजधानी कल्याण के विभिन्न सट्टा अंकों की तस्वीरें, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड और हिसाब-किताब सुरक्षित मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से सट्टा राशि लेकर अवैध सट्टा कारोबार का संचालन कर रही थी। पुलिस ने मौके से 480 रुपये नगद, मोबाइल फोन और सट्टा से जुड़े दस्तावेज जब्त किए।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी अनिता साहू (32 वर्ष), पति बजरंग साहू, निवासी शहीद चौक, रायगढ़ के खिलाफ थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
अवैध सट्टा कारोबार पर कार्रवाई रहेगी जारी
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में जुआ और सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







