Uncategorised

Amarnath Yatra News : भारी बारिश के अलर्ट के बाद अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित

Advertisement

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन का फैसला, मौसम साफ होने के बाद दोबारा शुरू होगी यात्रा

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में मौसम के बदलते हालात और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए श्री अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मौसम विभाग (IMD) की प्रतिकूल मौसम चेतावनी के बाद यह एहतियाती निर्णय लिया गया है।

बालटाल और नुनवान बेस कैंप से यात्रा रोकी गई

प्रशासन के आदेश के अनुसार, बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविरों से किसी भी श्रद्धालु को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार और यात्रा मार्गों की सुरक्षा जांच के बाद ही दोबारा यात्रा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।

भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सतर्क प्रशासन

मौसम विभाग ने घाटी के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, खासकर बालटाल मार्ग पर प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।

2022 के हादसे के बाद बढ़ाई गई निगरानी

साल 2022 में अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें कई श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। इस घटना के बाद प्रशासन यात्रा के दौरान मौसम संबंधी जोखिमों को लेकर अधिक सतर्क रहता है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी नुनवन बेस कैंप का दौरा कर आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए थे।

वैष्णो देवी यात्रा भी प्रभावित

खराब मौसम के कारण कटरा से संचालित श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को भी कुछ समय के लिए स्थगित किया गया है। श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन ने आईएमडी की चेतावनी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया है।

अमरनाथ यात्रा के दोनों मार्ग बंद

कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग के अनुसार, मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अमरनाथ यात्रा के दोनों प्रमुख मार्गों बालटाल और पहलगाम से यात्रा रोक दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए सहयोग करने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button