रायगढ़ पॉलिटेक्निक में फिर जुड़ा सेठ किरोड़ीमल का नाम, शासन के फैसले से अग्रवाल समाज में खुशी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए रायगढ़ के तकनीकी संस्थान के नाम में समाजसेवी एवं दानवीर सेठ किरोड़ीमल का नाम पुनः शामिल करने का निर्णय लिया है। शासन के इस फैसले के बाद अग्रवाल समाज सहित प्रदेशभर में खुशी का माहौल है।
नाम परिवर्तन का हुआ था विरोध
पूर्व में “सेठ किरोड़ीमल गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, रायगढ़” का नाम बदलकर “गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायगढ़” कर दिया गया था। इस निर्णय का प्रांतीय अग्रवाल संगठन ने विरोध करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे जनभावनाओं के विपरीत बताया था।
मुख्यमंत्री से किया था पुनः नाम जोड़ने का आग्रह
संगठन ने मांग की थी कि संस्थान का नाम बदलकर “सेठ किरोड़ीमल छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायगढ़” किया जाए। पत्र में कहा गया था कि दानवीर सेठ किरोड़ीमल ने शिक्षा, समाजसेवा, दान-पुण्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, इसलिए उनके नाम को हटाना उचित नहीं है।
28 जुलाई के आदेश से बहाल हुई पहचान
छत्तीसगढ़ शासन ने 28 जुलाई को जारी आदेश के माध्यम से संस्थान के नाम में सेठ किरोड़ीमल का नाम पुनः शामिल करने का निर्णय लिया। इस फैसले को अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान बताया जा रहा है।
समाज ने जताया आभार
प्रांतीय अग्रवाल संगठन ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। संगठन का कहना है कि यह फैसला दानवीर सेठ किरोड़ीमल के योगदान को उचित सम्मान देने के साथ-साथ जनभावनाओं का भी सम्मान करता है।







