रायगढ़ में हाथियों का आतंक: राइस मिल में घुसकर खाया धान, बाउंड्रीवाल तोड़ी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का दल लगातार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। हाथी खेतों में धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ अब औद्योगिक परिसरों तक भी पहुंचने लगे हैं। ताजा मामला छाल वन परिक्षेत्र के औरानारा स्थित एक राइस मिल का है, जहां मंगलवार रात एक हाथी घुस गया।
राइस मिल में मचाया उत्पात
जानकारी के अनुसार, हाथी ने राइस मिल परिसर में प्रवेश कर वहां रखा धान खाया और उत्पात मचाते हुए परिसर की बाउंड्रीवाल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से राइस मिल संचालक को नुकसान हुआ है।
वन विभाग ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का निरीक्षण कर आकलन शुरू किया। विभाग हाथी की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों में दहशत
लगातार हाथियों की आवाजाही से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।







