मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत सक्ती में 17 इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य, आवेदन आमंत्रित

सक्ती। छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला कार्यालय सक्ती द्वारा विभागीय योजना मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (CMEGP) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों से ग्रामोद्योग स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। योजना के तहत जिला सक्ती में कुल 17 इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
117 प्रकार के उद्योगों के लिए मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र हितग्राही खनिज, वन, कृषि, रसायन, इंजीनियरिंग एवं सेवा उद्योगों सहित विभिन्न गतिविधियों में स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। इनमें दोना-पत्तल उद्योग, आटा चक्की, मसाला उद्योग सहित कुल 117 प्रकार के उद्योग शामिल हैं।
अधिकतम 35 प्रतिशत तक अनुदान
योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को ग्रामोद्योग इकाई स्थापित करने के लिए अधिकतम 35 प्रतिशत तक अनुदान की पात्रता होगी। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला पंचायत कार्यालय में कर सकते हैं संपर्क
योजना का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राही आवेदन एवं योजना से संबंधित जानकारी के लिए जिला पंचायत कार्यालय सक्ती के प्रथम तल स्थित ग्रामोद्योग कक्ष में संपर्क कर सकते हैं।






