भनपुरी में प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, तीन महिलाएं गिरफ्तार; धर्मांतरण के आरोपों की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में एक घर में आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में खमतराई पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान लक्ष्मी निषाद, सुरेखा और सुषमा कौशिक के रूप में बताई गई है।
प्रार्थना सभा में जुटे थे लोग
जानकारी के अनुसार, भनपुरी क्षेत्र स्थित एक घर में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। इसमें अलग-अलग समुदायों की महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में हिंदू महिलाएं भी शामिल हुई थीं। इस सभा का कुछ लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
धर्मांतरण कराने का लगाया गया आरोप
आरोप है कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण के लिए लोगों को प्रभावित किया जा रहा था। शिकायत में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने और बीमारी ठीक होने का झांसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं।
FIR के बाद तीन गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब प्रार्थना सभा से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी। मामले में पुलिस सभा में शामिल लोगों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।






