Durg News : दुर्ग में स्वाइन फ्लू का पहला मामला, 2 साल 11 माह की बच्ची में H1N1 की पुष्टि; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची की जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है और स्वास्थ्य विभाग उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण के बाद कराया गया टेस्ट
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज के अनुसार, बच्ची को करीब दो दिन पहले तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के बाद अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर बच्ची की RT-PCR जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट मिलते ही घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्ची के घर पहुंची। टीम ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी जुटाना शुरू किया है। बच्ची के परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रहा है, ताकि संक्रमण के संभावित फैलाव का समय रहते पता लगाया जा सके।
छोटे बच्चों में गंभीर संक्रमण का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक पांच साल से कम उम्र के बच्चे फ्लू के गंभीर संक्रमण के जोखिम वाले समूह में आते हैं। H1N1 जैसे इन्फ्लूएंजा वायरस खांसने, छींकने और बातचीत के दौरान निकलने वाली बूंदों या सूक्ष्म कणों के जरिए फैल सकते हैं। भीड़भाड़ और बंद स्थानों पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
स्वाइन फ्लू में अचानक तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी और नाक बहने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।
खासकर छोटे बच्चों में लगातार तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत या स्वास्थ्य बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग फिलहाल मामले की निगरानी और संपर्क में आए लोगों की जांच की प्रक्रिया में जुटा है।






