Chhattisgarh Tourism : पर्यटन बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े का खतरा, पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े की शिकायतों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सतर्क रहने की अपील की है। बोर्ड को ऐसी अनधिकृत वेबसाइटों और ऑनलाइन माध्यमों की जानकारी मिली है, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं।
फर्जी वेबसाइट से हो सकती है ऑनलाइन ठगी
पर्यटन बोर्ड के अनुसार, साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, लोगो, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर पर्यटकों को भ्रमित कर सकते हैं। कम कीमत में कमरे, पर्यटन आवास या टूर पैकेज उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन भुगतान कराया जा सकता है।
सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से करें बुकिंग
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यटक पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध लिंक, मोबाइल नंबर, विज्ञापन या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग करने से बचें।
निजी खाते में पैसा भेजने से बचें
पर्यटन बोर्ड ने सलाह दी है कि भुगतान करने से पहले वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की प्रामाणिकता जरूर जांचें। किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते, संदिग्ध भुगतान माध्यम या अनजान मोबाइल नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें।
खासकर बहुत कम कीमत में बुकिंग, तुरंत भुगतान करने का दबाव या आकर्षक टूर पैकेज मिलने पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।
अधिकृत सूचना केंद्रों से भी ले सकते हैं जानकारी
पर्यटक छत्तीसगढ़ पर्यटन के अधिकृत सूचना केंद्रों से पर्यटन स्थलों, उपलब्ध सुविधाओं और आवास की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। रायपुर स्थित गढ़ कलेवा के सूचना केंद्र सहित विभिन्न जिलों में उपलब्ध अधिकृत केंद्रों के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी और उपलब्धता के अनुसार बुकिंग सुविधा ली जा सकती है।
संदेह होने पर पहले करें पुष्टि
पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड की हेल्पलाइन से पुष्टि जरूर करें। इससे ऑनलाइन ठगी से बचने में मदद मिल सकती है।






