रायगढ़

पुराने विवाद में युवक पर चाकू-उस्तरा से हमला, दर्जनभर युवकों पर मारपीट का आरोप

Advertisement

केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के पास वारदात, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने शुरू की जांच

रायगढ़। शहर में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर करीब दर्जनभर युवकों द्वारा मारपीट और धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर, चेहरे, हाथ, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बस स्टैंड पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बापूनगर निवासी पालरेज दीप (22) का मोहल्ले के कुछ युवकों से करीब एक साल पहले विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी उक्त युवकों द्वारा पालरेज पर दो बार हमला करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय आसपास के लोगों के बीच-बचाव से वह बच गया था।

बताया जा रहा है कि शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे पालरेज ने अपने परिजनों को केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड जाने की बात बताई और घर से निकल गया। जब वह बस स्टैंड पहुंचा तो वहां बापूनगर के करीब 10 से 12 युवक पहले से मौजूद थे।

पुराने विवाद को लेकर मारपीट का आरोप

परिजनों के मुताबिक, युवकों ने पालरेज के साथ पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान एक युवक ने कथित रूप से उस्तरा निकालकर पालरेज के सिर, चेहरे, हाथ, पैर और पीठ पर हमला कर दिया।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से भाग गए। घायल पालरेज किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। इसके बाद परिजनों ने सिटी कोतवाली थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल शुरू कर दी है।

घायल के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

घायल के पिता राजेंद्र दीप का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले उनके बेटे का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद भी दो बार उस पर हमला किया गया था, लेकिन घर के आसपास होने के कारण उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर दिया था।

राजेंद्र दीप के अनुसार, शनिवार रात उनका बेटा अकेला था, जिसका फायदा उठाकर तीसरी बार उस पर हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में शामिल युवक नशे की प्रवृत्ति के हैं और आए दिन विवाद करते रहते हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button