अग्रसेन सेवा संघ के चुनाव को लेकर हाईकोर्ट का अहम आदेश, जल्द होगी निर्वाचन प्रक्रिया

रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसायटीज को नियमानुसार चुनाव कराने के निर्देश
रायगढ़। अग्र समाज के प्रतिष्ठित संगठन अग्रसेन सेवा संघ के आगामी चुनाव को लेकर हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। अदालत ने रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसायटीज को संस्था के नियमानुसार निर्वाचन प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद लंबे समय से चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नई हलचल तेज हो गई है।
पूर्व पदाधिकारियों का कार्यकाल हो चुका है समाप्त
मामले में अदालत के समक्ष यह तथ्य रखा गया कि संस्था के पूर्व पदाधिकारियों का निर्धारित कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने चुनाव की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न करते हुए नियमानुसार निर्वाचन कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा है।
पिछले चुनाव के बाद उठे थे कई सवाल
अग्रसेन सेवा संघ के चुनाव रायगढ़ शहर में हमेशा चर्चा का विषय रहे हैं। पिछले निर्वाचन के दौरान विवाद और हंगामे की स्थिति बनी थी। इसके बाद पंकज अग्रवाल ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई आपत्तियां दर्ज कराईं और वर्ष 2022 में हाईकोर्ट का रुख किया था।
चार सुनवाइयों के बाद आया अदालत का फैसला
पंकज अग्रवाल की ओर से दायर याचिका पर हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। बताया गया कि करीब चार सुनवाइयों के बाद अदालत ने अपना आदेश पारित किया। अब रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसायटीज को अदालत के निर्देश के अनुरूप आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
चुनाव को लेकर फिर बढ़ी सरगर्मी
हाईकोर्ट के आदेश के बाद अग्रसेन सेवा संघ के चुनाव को लेकर शहर में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। संगठन से जुड़े सदस्यों और समाज के लोगों की नजर अब चुनाव की आगामी प्रक्रिया और निर्वाचन कार्यक्रम पर टिकी हुई है।






