हनुमान जी से बच्चों की अनोखी प्रार्थना: “हमें दमा और सांस की बीमारी से बचाओ, प्रदूषण भगाओ”

तीसरे मंगलवार को कैदीमुड़ा में हुआ हनुमान चालीसा पाठ, बच्चों ने पोस्टर के जरिए उठाई प्रदूषण की समस्या
रायगढ़। शहर में पर्यावरण और प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से धार्मिक आस्था के माध्यम से जनजागरूकता का प्रयास लगातार जारी है। इसी क्रम में तीसरे मंगलवार को रायगढ़ के वार्ड नंबर 30 स्थित कैदीमुड़ा में हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इस बार बच्चों की भागीदारी खास आकर्षण रही।
बच्चों ने पोस्टर के जरिए रखी अपनी बात
कार्यक्रम में कई बच्चे अपने हाथों में जागरूकता संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे। हनुमान चालीसा पाठ के बाद बच्चों ने अपनी प्रार्थना के माध्यम से प्रदूषण और सांस से जुड़ी परेशानी को सामने रखा।
बच्चों की ओर से हनुमान जी से प्रार्थना की गई कि “हमें दमा और सांस की बीमारी से बचाओ और फैक्ट्री के प्रदूषण को खत्म करो।” बच्चों की इस अपील ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
मोहल्लेवासियों ने भी लिया हिस्सा
हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना में कैदीमुड़ा के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में जय यादव, राहुल श्रीवास, विनोद साहू, दुर्गेश यादव, राजेश निषाद, कौशल सिंह ठाकुर, तुषार कन्नौजिया, मोनू प्रधान, गुलशन साव, मनीष मेहर, नानू यादव, अनिल निषाद, विशाल निषाद, दिव्यांशु, जय सिंह, चंद्रशेखर और नीलकंठ साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सात मुद्दों को लेकर हर मंगलवार कार्यक्रम
‘रायगढ़ बचाओ-लड़ेंगे रायगढ़’ से जुड़े विनय शुक्ला ने बताया कि रायगढ़ की विभिन्न समस्याओं को लेकर चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक मंगलवार शहर के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा है।
सड़क हादसे से लेकर प्रदूषण तक मुद्दे शामिल
अभियान के माध्यम से रायगढ़ से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। इनमें सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, प्रदूषण से राहत, रोजगार के अवसर, महंगी शिक्षा, सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और सरकारी कॉलेज एवं स्कूलों की जर्जर स्थिति जैसे मुद्दे शामिल हैं।
धार्मिक आस्था के साथ जनसमस्याओं को उठाने का प्रयास
आयोजकों का कहना है कि हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना के माध्यम से लोगों को एकजुट कर शहर की समस्याओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। तीसरे मंगलवार के कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी ने इस अभियान को एक नया आयाम दिया, जहां धार्मिक आस्था के साथ उन्होंने अपने स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण को लेकर चिंता व्यक्त की।






