रायगढ़

कृष्णमय हुआ रायगढ़, पूरे शबाब पर जन्माष्टमी मेला

Advertisement

गौरीशंकर और श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आधी रात तक गूंजते रहे जयकारे

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान रखने वाला रायगढ़ का प्रसिद्ध जन्माष्टमी मेला इन दिनों पूरे उत्साह और उल्लास के साथ जारी है। पांच दिवसीय मेले के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर और श्री श्याम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। शाम होते-होते भीड़ और बढ़ गई तथा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

मेले में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

शुक्रवार सुबह से ही गौरीशंकर मंदिर और श्री श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही दूसरे जिलों से भी लोग रायगढ़ पहुंचे और भगवान के दर्शन किए। रात में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शुरू होते ही मंदिर परिसर में ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण, हरे-हरे’ के जयकारे गूंजने लगे।

श्रद्धालुओं ने रातभर मंदिर दर्शन के साथ जन्माष्टमी मेले और झूला उत्सव का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग में पर्व को लेकर खास उत्साह नजर आया।

चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे

दूर-दराज से रायगढ़ पहुंचे भक्तों के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में सामाजिक संस्थाओं और संगठनों की ओर से भंडारे आयोजित किए गए। कई स्थानों पर खीर, पूड़ी-सब्जी, पोहा, जलेबी, मिठाई और अन्य प्रसाद का नि:शुल्क वितरण किया गया।

श्री श्याम सखी मंडल की ओर से श्याम मंदिर परिसर में भक्तों को सवामणी खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया। वहीं रामनिवास टॉकीज रोड, गौरीशंकर मंदिर रोड, चक्रधर नगर चौक, रविशंकर शुक्ल मार्केट रोड और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की व्यवस्था की गई।

झांकियों ने मोहा मन, मीना बाजार में उमड़ी भीड़

गौरीशंकर मंदिर और श्री श्याम मंदिर में आकर्षक धार्मिक झांकियां सजाई गईं। इन झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा और लोग उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।

मेले में मनोरंजन के लिए मीना बाजार भी सजाया गया है। यहां लगाए गए विभिन्न प्रकार के झूलों और मनोरंजन के साधनों का बच्चे, युवा और युवतियां जमकर आनंद उठा रहे हैं। देर रात तक मेला क्षेत्र में लोगों की चहल-पहल बनी रही।

सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस

जन्माष्टमी मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सहायता और भीड़ प्रबंधन के लिए वालंटियर भी तैनात किए गए हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शहर के विभिन्न हिस्सों में फोड़ी गई दही-मटकी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायगढ़ में दही-मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। शहर के सुभाष चौक सहित कई स्थानों पर सनातन परंपरा के अनुरूप मटकी फोड़ कार्यक्रम हुए। ऊंचाई पर बांधी गई मटकी को फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इन प्रतियोगिताओं को देखने के लिए विभिन्न स्थानों पर हजारों लोगों की भीड़ जुटी। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच युवाओं के प्रयासों ने माहौल को रोमांचक बना दिया। जन्माष्टमी मेले के साथ दही-मटकी और धार्मिक आयोजनों ने पूरे रायगढ़ को कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में रंग दिया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button