रायगढ़

छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था में नया अध्याय, नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का KG से PG तक कैंपस

Advertisement

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जताई खुशी, बोले- प्रदेश के युवाओं के लिए खुलेगा शिक्षा और करियर का नया रास्ता

रायगढ़। छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। देश के प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) का विशाल कैंपस नवा रायपुर में शुरू होने की जानकारी सामने आई है। रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है।

KG से PG तक एक ही कैंपस में शिक्षा

मंत्री ओपी चौधरी के अनुसार, प्रस्तावित कैंपस KG से PG मॉडल पर आधारित होगा। यहां नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक स्कूली शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा के विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध होने की बात कही गई है।

कैंपस में BBA, MBA, फाइनेंस, कॉमर्स, लॉ और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में उच्चस्तरीय शिक्षा के अवसर मिलने की उम्मीद है। इससे विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर रुख करने की जरूरत कम होगी।

प्रदेश के विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अवसर

ओपी चौधरी ने कहा कि NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के आने से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को प्रीमियम शिक्षा और करियर के बेहतर अवसर प्रदेश में ही मिल सकेंगे। उनका कहना है कि प्रबंधन और वित्त जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए युवाओं को मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली जैसे महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

ग्लोबल एक्सपोजर और इंडस्ट्री कनेक्शन पर जोर

प्रस्तावित संस्थान में विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय फैकल्टी, उद्योग जगत से जुड़ाव और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक जुड़ावों के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्लोबल इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम जैसी सुविधाओं का लाभ मिलने की भी बात कही गई है।

नवा रायपुर के एजुकेशन हब बनने की उम्मीद

वित्त मंत्री ने कहा कि IIT, IIIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के बाद NMIMS जैसे संस्थान का नवा रायपुर में आना छत्तीसगढ़ को बड़े शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बड़े शिक्षण संस्थानों के लिए छत्तीसगढ़ का चयन राज्य में बन रहे बेहतर शैक्षणिक वातावरण को दर्शाता है।

नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने की दिशा में युवा

ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाना है। युवाओं में कौशल, प्रबंधन क्षमता और उद्यमिता विकसित कर उन्हें भविष्य में रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि NMIMS का प्रस्तावित कैंपस छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला मंच साबित हो सकता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए इसे राज्य के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button