रायगढ़

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों का डीआरएम ने किया देर रात निरीक्षण

Advertisement

अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कामों की समीक्षा, मुख्य गेट और यात्री प्रतीक्षालय जल्द पूरा करने के निर्देश

रायगढ़। बिलासपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने मंगलवार देर रात रायगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यहां चल रहे निर्माण एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

दो साल से चल रहा स्टेशन का सौंदर्यीकरण

रायगढ़ रेलवे स्टेशन में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पिछले करीब दो वर्षों से सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के उन्नयन का काम जारी है। निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर यात्रियों को हो रही परेशानियों के बीच डीआरएम ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न कार्यों की स्थिति देखी।

उन्होंने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म सहित अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को सभी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए गए।

प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एफओबी कार्य की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो का भी जायजा लिया। यहां फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के निर्माण के लिए कई महीनों से खोदे गए गड्ढे को लेकर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने काम में लापरवाही बरतने से बचने और निर्माण की गति बनाए रखने पर जोर दिया।

राहत यान का निरीक्षण, कर्मचारियों से ली जानकारी

रेलवे स्टेशन निरीक्षण के बाद डीआरएम ने राहत यान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य किस प्रकार संचालित किया जाता है, इसकी जानकारी ली। उन्होंने आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चांपा से बृजराजनगर तक रेल सेक्शन का भी जायजा

डीआरएम ने इसके अलावा चांपा से बृजराजनगर तक विभिन्न प्वाइंटों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को रेल परिसरों और व्यवस्थाओं के बेहतर रखरखाव के साथ आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के सुझाव दिए गए।

डीआरएम का यह निरीक्षण मंडल में चल रहे विकास एवं यात्री सुविधा संबंधी कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button