रायगढ़

रायगढ़ में 30 फीट ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराने का आरोप

Advertisement

महालक्ष्मी कास्टिंग में वेल्डिंग के दौरान हुआ हादसा, इलाज के दौरान मीर हसन ने तोड़ा दम

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में ऊंचाई पर वेल्डिंग का काम कर रहे एक मजदूर की गिरने से मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि मजदूर को कथित तौर पर हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट सहित जरूरी सुरक्षा उपकरणों के बिना ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। मामले में पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

30 फीट की ऊंचाई से अचानक नीचे गिरा मजदूर

घटना 15 अप्रैल की बताई जा रही है। लाखा स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाला मीर हसन (50 वर्ष) घटना के दिन सुबह करीब 30 फीट ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा।

ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद आसपास काम कर रहे अन्य मजदूरों ने तत्काल कंपनी प्रबंधन को घटना की जानकारी दी।

निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज

हादसे के बाद घायल मीर हसन को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के बेटे मोहम्मद नदीम के अलावा उसके साथ काम करने वाले शिवम तिवारी, मदन कुमार और अमित सिंह के बयान दर्ज किए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच में सामने आई जानकारी

पुलिस की जांच में यह बात सामने आने की जानकारी दी गई है कि मीर हसन जिस ऊंचाई पर काम कर रहा था, वहां उसके पास हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं थे। इसी आधार पर पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, सुरक्षा मानकों और जिम्मेदारी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button