रायगढ़ के विकास को लेकर बोले वित्त मंत्री ओपी चौधरी, 20-30 साल आगे के विजन से हो रहा काम

कहा- रायगढ़ से प्रदेश को सबसे ज्यादा राजस्व, लेकिन अपेक्षित गति से नहीं बढ़ा इंफ्रास्ट्रक्चर; शहर में करीब 2000 करोड़ के विकास कार्य जारी
रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल आज की जरूरतों को पूरा करना नहीं, बल्कि आने वाले 20 से 30 वर्षों को ध्यान में रखकर रायगढ़ के विकास की आधारभूत संरचना तैयार करना है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जितने विकास का हकदार था, उस गति से अब तक विकास नहीं हो पाया। प्रदेश के राजस्व में रायगढ़ की बड़ी भूमिका होने के बावजूद शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सका।
श्री गणेश महोत्सव में शामिल हुए वित्त मंत्री
कृष्णा विहार कॉलोनी में आयोजित श्री गणेश महोत्सव में ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने रायगढ़ के विकास को लेकर चल रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ में वर्तमान में करीब 2000 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर की मौजूदा जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर अधोसंरचना को मजबूत करना है।
100 करोड़ की लागत से बन रहा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
ओपी चौधरी ने बताया कि रायगढ़ में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 10 ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले रायगढ़ में आने पर गिने-चुने पार्क ही दिखाई देते थे, लेकिन अब शहर में कई नए पार्क विकसित हो चुके हैं। हाल ही में तैयार सिंदूर पार्क की सुंदरता की भी चर्चा हो रही है। इसके अलावा कई अन्य पार्कों का निर्माण कार्य जारी है।
स्टेडियम में नया स्विमिंग पूल, सड़कों का फोरलेन विस्तार
वित्त मंत्री ने बताया कि स्टेडियम में नए स्विमिंग पूल का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं शहर को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों को फोरलेन किए जाने का काम भी किया जा रहा है। उनके मुताबिक इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद रायगढ़ की कनेक्टिविटी और शहरी सुविधाओं में विस्तार होगा।
कृष्णा विहार कॉलोनी की मांगों पर घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान कृष्णा विहार कॉलोनी के अध्यक्ष विनोद बट्टीमार ने कॉलोनी से संबंधित तीन प्रमुख मांगें वित्त मंत्री के सामने रखीं। इनमें सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन के निर्माण में सहयोग और ओपन जिम की मांग शामिल थी।
इन मांगों पर ओपी चौधरी ने एक के बजाय दो ओपन जिम उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
सड़क निर्माण के लिए तैयार होगा प्लान
कॉलोनी की सड़क निर्माण संबंधी मांग पर वित्त मंत्री ने कहा कि सड़क की स्थिति और निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी लेने के बाद इसका प्लान तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम में कॉलोनी के पदाधिकारी, गणेश उत्सव समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






