रायगढ़

रायगढ़ में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 पिकअप से 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नाकेबंदी तोड़ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश, सरकारी वाहन को भी मारी टक्कर; 17.50 लाख का सामान जब्त

रायगढ़, 21 सितंबर। जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सरवानी-कुलबा मेन रोड पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने तीन पिकअप वाहनों को पकड़ा। इन वाहनों से कुल छह गौवंश बरामद किए गए और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने नाकेबंदी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों की ओर वाहन बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान शासकीय पुलिस वाहन को भी टक्कर मारी गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ पशुक्रूरता सहित पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के प्रयास से संबंधित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

मुखबिर की सूचना पर तड़के की गई घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन सफेद पिकअप वाहनों में गौवंशों को भरकर सरवानी से रायगढ़ होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी अजय नागवंशी और थाना प्रभारी कोतरारोड़ शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सरवानी-कुलबा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। सुबह करीब 5 बजे तीन संदिग्ध पिकअप वाहन JH-05-CR-0840, JH-01-GC-5199 और OD-17-G-9320 वहां पहुंचे।

पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया तो चालकों ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ा दिए। एक पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस के शासकीय वाहन CG-03-A-0705 को भी टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों पिकअप वाहनों को रोक लिया और उनमें सवार लोगों को हिरासत में लिया।

तीन वाहनों से बरामद हुए छह गौवंश

पहले पिकअप वाहन से दो गौवंश मिले। पुलिस ने वाहन चालक नकुल साहू और उसके साथी शिवा कुमार साहू, दोनों गुमला, झारखंड निवासी, को गिरफ्तार किया।

दूसरे वाहन से एक गौवंश बरामद हुआ। इसमें सवार आदित्य महतो (22) निवासी हेसराग, थाना बिशुनपुर, जिला गुमला और रूपेश लहरे, लोहरदगा निवासी को पकड़ा गया।

तीसरे पिकअप वाहन से दो गौवंश बरामद हुए। इसमें सवार राम महतो, लोहरदगा निवासी और राजू सतनामी, निवासी सरवानी, कोतरारोड़, रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने गौवंशों को गुमला, झारखंड ले जाने की बात बताई है। वहीं एक अन्य संदिग्ध ललित निवासी सरवानी मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

17.50 लाख रुपये का सामान जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में कुल 6 गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए। इसके अलावा तीन पिकअप वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

इस तरह पुलिस ने कुल करीब 17.50 लाख रुपये का माल जब्त किया है। बरामद गौवंशों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक प्रक्रिया के तहत रखा गया है। पुलिस आरोपियों से पशुओं के परिवहन और संबंधित वैध दस्तावेजों को लेकर पूछताछ कर रही है।

एसएसपी ने कहा- तस्करी पर लगातार होगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंशों की अवैध तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button