छत्तीसगढ़

महासमुंद में नकली होलोग्राम वाली शराब का बड़ा नेटवर्क पकड़ा, 3229 लीटर अवैध शराब जब्त

Advertisement

सरायपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी छत्तीसगढ़ स्टेट लेबल लगाकर हो रही थी शराब की तस्करी; 22.15 लाख रुपये का माल बरामद

महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ स्टेट के फर्जी लेबल लगाकर अंग्रेजी शराब की तस्करी और बिक्री करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख 15 हजार 120 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी का नेटवर्क महासमुंद के साथ-साथ सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों तक फैला हुआ था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आगे की जांच में दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।

डस्टर कार से मिली 25 पेटी गोवा शराब

पुलिस की कार्रवाई के दौरान डस्टर कार क्रमांक CG-04 PS-3481 की तलाशी ली गई। कार से 25 पेटियों में भरी 1192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 214 लीटर 560 मिलीलीटर थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 43 हजार 40 रुपये बताई गई है।

कंटेनर ट्रक में मिली 345 पेटी शराब

जांच के दौरान पुलिस ने कंटेनर ट्रक क्रमांक HR-13-X-3220 की भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार कंटेनर से 345 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब मिली। प्रत्येक पेटी में 48-48 पौव्वे रखे हुए थे। बरामद शराब की कुल मात्रा 2980 लीटर 800 मिलीलीटर बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख 87 हजार 200 रुपये है।

आरोपी के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की शराब भी बरामद

कार और कंटेनर के अलावा पुलिस ने आरोपी अमित पटेल के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 46 बोतलें भी बरामद की हैं। इन बोतलों में कुल 34 लीटर 500 मिलीलीटर शराब थी।

इस तरह पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में कुल 3229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 22 लाख 15 हजार 120 रुपये बताई गई है।

कई जिलों तक फैला था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध शराब की तस्करी का यह नेटवर्क महासमुंद जिले तक सीमित नहीं था। इसका संपर्क सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

पुलिस अब गिरफ्तार और हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी है। नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल के इस्तेमाल को लेकर भी जांच की जा रही है।

सरायपाली पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन, तस्करी और बिक्री से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button