छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Advertisement

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब का असर, बस्तर संभाग के कई इलाकों में स्कूलों में छुट्टी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका जताई है।

लगातार खराब मौसम को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बस्तर, बीजापुर और कोंडागांव सहित कुछ क्षेत्रों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, कबीरधाम, बेमेतरा, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। विशेषकर निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने की जरूरत बताई गई है। लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचने की सलाह दी है। पेड़ के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित और पक्के स्थान पर रहने की अपील की गई है। किसानों और वाहन चालकों को भी बारिश तथा तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button