महादेव सट्टा एप मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, अभिषेक कुमार गिरफ्तार

दुबई से लौटते ही हैदराबाद एयरपोर्ट पर पकड़ा गया आरोपी, सट्टा नेटवर्क और कथित अवैध कमाई से जुड़े मामलों की जांच जारी
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई करते हुए कथित सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी दुबई से भारत लौटा था और हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बेटिंग पैनल और फंड मैनेजमेंट से जुड़ी भूमिका का आरोप
सीबीआई के अनुसार, जांच में अभिषेक कुमार की भूमिका ऑनलाइन बेटिंग पैनल के संचालन और समन्वय, धन एकत्र करने तथा कथित अवैध कमाई से जुड़ी गतिविधियों में सामने आई है। एजेंसी का यह भी आरोप है कि उसने कथित अपराध से अर्जित रकम का इस्तेमाल दुबई में अचल संपत्ति खरीदने के लिए किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुछ सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। सीबीआई के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में इन सामग्रियों के महादेव बेटिंग एप से जुड़े होने की आशंका है। एजेंसी आरोपी के नेटवर्क और उसकी भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।
सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से कनेक्शन की जांच
जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी महादेव सट्टा एप के कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था। सीबीआई अब आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित वित्तीय लेन-देन के बारे में जानकारी जुटा रही है।
फरार आरोपियों को भारत लाने की कोशिश
महादेव सट्टा एप मामले में फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई जारी है। सीबीआई के अनुसार, अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। वहीं दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
एजेंसी का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने के लिए जांच जारी रहेगी।
हैदराबाद कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सीबीआई के आवेदन पर अदालत ने तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की। इसके बाद आरोपी को रायपुर स्थित सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
अलग-अलग थानों में दर्ज हैं 13 एफआईआर
महादेव सट्टा एप से जुड़े मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में कुल 13 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन मामलों में सट्टा नेटवर्क, कथित अवैध लेन-देन और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।






