Chhattisgarh Renewable Energy : भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट में CM विष्णुदेव साय ने जारी की छत्तीसगढ़ की हरित ऊर्जा नीति पर पुस्तक

भारत मंडपम में हुआ विमोचन, पुस्तक में नवीकरणीय ऊर्जा नीति, निवेश के अवसरों और स्वच्छ ऊर्जा विकास की संभावनाओं को किया गया शामिल
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ की नवीकरणीय ऊर्जा नीति और निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन किया। यह विमोचन छत्तीसगढ़ के प्रदर्शनी स्टॉल पर किया गया। पुस्तक में राज्य की हरित ऊर्जा संबंधी नीतियों, निवेश के अवसरों और स्वच्छ ऊर्जा विकास की योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
निवेश और हरित ऊर्जा विकास पर विशेष जोर
पुस्तक में छत्तीसगढ़ की रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, ग्रीन एनर्जी को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं तथा राज्य में स्वच्छ और सतत ऊर्जा विकास की संभावनाओं की जानकारी दी गई है।
इसमें ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े निवेशकों और अन्य हितधारकों को राज्य की नीतियों, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसरों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ छत्तीसगढ़ को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक निवेशकों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को छत्तीसगढ़ की नीतियों और उपलब्ध अवसरों की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
पुस्तक विमोचन के अवसर पर क्रेडा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






