छत्तीसगढ़

Jashpur Drone Pilot Training: जशपुर की 4 बिहान दीदियां बनीं ड्रोन पायलट, CM साय ने सौंपे प्रमाणपत्र

Advertisement
Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों की महिलाएं अब आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं। जशपुर जिले की चार बिहान दीदियों ने ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर नई उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। यह सफलता ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने चारों महिलाओं को सौंपे प्रमाणपत्र

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण पूरा करने वाली चारों महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

प्रशिक्षित महिलाओं में कांसाबेल विकासखंड के चेतबा गांव की शांति बाई, बगीचा विकासखंड के बिमड़ा गांव की शकीला खातून, सन्ना गांव की पार्वती नगेशिया और जशपुर विकासखंड के जुरगुम गांव की चिंता सिंह शामिल हैं।

चारों महिलाओं ने रायपुर स्थित DGCA से संबंधित प्रशिक्षण संस्थान में ड्रोन संचालन का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक का करेंगी इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों में महिलाओं के पास प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की है।

ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये महिलाएं कृषि क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे सकेंगी। ड्रोन के माध्यम से खेतों में खाद और कीटनाशकों का छिड़काव किया जा सकेगा। इससे किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं मिलेंगी, वहीं प्रशिक्षित महिलाओं के लिए रोजगार और आमदनी के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button