छत्तीसगढ़

Bilaspur Crime News : बिलासपुर पुलिस की पंजाब में दबिश, अमृतसर से हेरोइन का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement Carousel

11.73 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में मिला था सुराग, साइबर सेल के तकनीकी इनपुट पर अमृतसर पहुंची पुलिस टीम

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई करने के आरोपी मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बिलासपुर लाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

तकनीकी इनपुट के आधार पर अमृतसर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर हेरोइन सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की पहचान हुई।

इसके बाद एसीसीयू बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम पंजाब रवाना की गई। टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया।

दीपक वालिया की गिरफ्तारी से मिला था सुराग

मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर को सकरी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई से हुई थी। उस दिन पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से अमृतसर का निवासी है और वर्तमान में उसलापुर, बिलासपुर में रह रहा था।

पुलिस ने उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई थी। इसके अलावा 10,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए थे। इस मामले में सकरी थाने में NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद दीपक वालिया को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

पूछताछ और साइबर जांच में सामने आया सप्लायर का नाम

पुलिस के मुताबिक, दीपक वालिया से पूछताछ और साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण में हेरोइन की सप्लाई के तार अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू से जुड़े मिले। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम ने पंजाब में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button