National Unity Day Parade : एकता नगर की परेड में रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

रायगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी ने छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। देश के विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों के जवानों की भव्य एकता परेड में रूबी ने अपने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद के साथ सहभागिता निभाई।
17 पुलिस श्वानों को मिला प्रतिनिधित्व का अवसर
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित एकता परेड में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के प्रशिक्षित श्वानों का दल विशेष आकर्षण रहा। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ पुलिस के विभिन्न जिलों में कार्यरत 17 पुलिस श्वानों को शामिल होने का अवसर मिला।
श्वान दल की परेड प्लाटून के लिए 15 सीआरपीएफ और 15 छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वानों का चयन किया गया था। इसमें रायगढ़ जिला पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी भी शामिल रही।
डॉग मास्टर वीरेंद्र आनंद के साथ किया मार्चपास्ट
रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी ने अपने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद के साथ परेड में हिस्सा लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में रूबी की सहभागिता रायगढ़ जिला पुलिस के लिए गौरव का अवसर रही।



