Sitapur Road Accident : मुंडन संस्कार में जा रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 6 की मौत; 11 घायल

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पिसावां थाना क्षेत्र में पिहानी मार्ग स्थित कुलहाघाट के पास हुआ। यहां पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुलहाघाट के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
6 लोगों की मौत, 11 घायल अस्पताल में भर्ती
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पिसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए।



