Jagdalpur Municipal Corporation : कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, 3 साल से लंबित 17.50 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान शुरू

जगदलपुर। लंबे समय से अपने बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे जगदलपुर नगर निगम के कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनधारियों को दीपावली से पहले बड़ी राहत मिली है। नगर निगम ने करीब तीन साल से लंबित कल्याण निधि, परिवार कल्याण निधि और उपादान की राशि का भुगतान शुरू कर दिया है। टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 17.50 करोड़ रुपये के वितरण की शुरुआत की गई।
राज्य सरकार से मिले 21.50 करोड़ रुपये
नगर निगम को राज्य सरकार की ओर से 21 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि फंड के रूप में प्राप्त हुई है। इसी राशि से कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनधारियों के लंबित भुगतान किए जा रहे हैं। लंबे समय से बकाया राशि मिलने की प्रक्रिया शुरू होने से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
महापौर बोले- कर्मचारियों का अधिकार था बकाया भुगतान
महापौर संजय पांडे ने कहा कि कल्याण निधि, परिवार कल्याण निधि और उपादान की राशि वर्षों से लंबित थी। यह कर्मचारियों का अधिकार था, जिससे वे वंचित थे। अब भुगतान शुरू होने से उनके चेहरों पर खुशी लौटी है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ इतनी बड़ी राशि का वितरण किया जा रहा है। दीपावली से पहले लंबित भुगतान शुरू होने को कर्मचारियों और पेंशनधारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।



