Assam Train Accident: गुवाहाटी के पास बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 7 डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री घायल

असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में डिगारू के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और घायलों की वास्तविक संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
मिजोरम से कोलकाता जा रही थी ट्रेन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान बुधवार सुबह गुवाहाटी के पास डिगारू इलाके में ट्रेन के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
घायलों की संख्या और हादसे की वजह स्पष्ट नहीं
रेल हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। रेलवे की ओर से दुर्घटना के कारणों और राहत-बचाव कार्यों को लेकर आधिकारिक विवरण सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हाल के दिनों में विदेशों में भी हुए रेल हादसे
गौरतलब है कि हाल के दिनों में विदेशों में भी बड़े रेल हादसों की खबरें सामने आई हैं। स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में 69 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई थी। वहीं, 8 नवंबर को मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिणी इलाके में दो यात्री ट्रेनों के बीच टक्कर हुई थी। इस दुर्घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हुई, जबकि 88 अन्य घायल हुए थे।





