लखनऊ के ऐशबाग में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, झुग्गियों तक पहुंचीं लपटें; इलाके में मची अफरा-तफरी

रामलीला मैदान के पास बुधवार शाम हुआ हादसा, प्लास्टिक और कबाड़ के सामान ने आग को बनाया विकराल; 4 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग इलाके में बुधवार शाम एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। बाजारखाला थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते आसपास की झुग्गियों तक पहुंच गईं।
धुएं का गुबार देख लोगों में दहशत
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे गोदाम से धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि, दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़ और प्लास्टिक का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आसपास की झुग्गियों तक पहुंचीं आग की लपटें
आग ने देखते ही देखते आसपास बनी झुग्गियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठता काले धुएं का गुबार करीब चार किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।





