छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को मिले ₹1.06 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 21 औद्योगिक परियोजनाओं से 29 हजार रोजगार की उम्मीद

Advertisement
Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग का तीसरा अध्याय आयोजित, फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेशकों ने दिखाई विशेष रुचि

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई गति देने की दिशा में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय में प्रदेश को 1,06,567.8 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के तहत कुल 21 औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के लिए करीब 29 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

देशभर के 150 उद्योगपतियों ने लिया हिस्सा

रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सहयोग से किया गया। इसमें देशभर से लगभग 150 उद्योगपतियों ने भागीदारी की। राष्ट्रीय स्तर के उद्योग जगत की इस बड़ी सहभागिता को प्रदेश में निवेश के प्रति बढ़ते विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।

फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बढ़ी रुचि

इस बार के इंडस्ट्री डायलॉग की खास बात फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेशकों की विशेष दिलचस्पी रही। कुल 21 परियोजनाओं में से 12 परियोजनाएं इन्हीं तीन क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं में 10,073.03 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है, जिनसे लगभग 8 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

प्रति करोड़ निवेश पर तीन गुना से अधिक रोजगार की संभावना

इन उभरते क्षेत्रों की सबसे बड़ी विशेषता रोजगार सृजन की क्षमता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्रों में प्रति करोड़ रुपये के निवेश पर अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की तुलना में तीन गुना से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों की 12 परियोजनाओं से मिलने वाला संभावित रोजगार कुल अनुमानित रोजगार का लगभग 27 प्रतिशत है।

परंपरागत उद्योगों के साथ नए क्षेत्रों में भी विस्तार

छत्तीसगढ़ की पहचान अब तक मुख्य रूप से खनिज, इस्पात और ऊर्जा जैसे परंपरागत औद्योगिक क्षेत्रों से रही है। हालांकि, अब इन क्षेत्रों के साथ फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे रोजगार आधारित क्षेत्रों में भी निवेशकों की रुचि बढ़ रही है। इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय के परिणाम प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और निवेश के नए अवसरों की ओर संकेत कर रहे हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button