रायगढ़

मॉडिफाई साइलेंसर पर पुलिस की सख्ती, 11 वाहन जब्त, 50 साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट

Advertisement

रायगढ़ | रायगढ़ जिले में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष अभियान के तहत 11 बुलेट चालकों को मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़ा गया, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और जिले के सभी थानों द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जांच के दौरान तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगे वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त किया गया।

अभिभावकों के साथ बुलाकर दी चेतावनी

कार्रवाई के बाद संबंधित वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाया गया। यहां एसएसपी ने नियमों के उल्लंघन पर कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। सभी वाहनों से मॉडिफाई साइलेंसर हटवाकर चालान किया गया।

50 साइलेंसर किए गए नष्ट

पुलिस अभियान के दौरान जब्त किए गए करीब 50 मॉडिफाई साइलेंसरों को ट्रैफिक थाना परिसर के पीछे स्थित पुलिस कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई नियमों के प्रति सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई।

आम जनता से सहयोग की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मॉडिफाई साइलेंसर लगे वाहन दिखाई दें तो उनकी फोटो लेकर व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस को सूचित करें। इसके लिए उन्होंने अपना शासकीय मोबाइल नंबर भी साझा किया है, ताकि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button