रायगढ़

ऑपरेशन प्रहार: लाखा केलो डेम के पास 28 टन लोहे का कबाड़ लदा ट्रक पकड़ा

Advertisement
Advertisement Carousel

रायगढ़ पुलिस ने 9 लाख रुपये का कबाड़ किया जब्त, राजस्थान निवासी चालक दस्तावेज नहीं दिखा सका

रायगढ़। अवैध कबाड़ के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने लाखा केलो डेम के पास कार्रवाई करते हुए 28 टन लोहे के कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक सहित कबाड़ जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी

जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को अवैध कबाड़ से लदे ट्रक के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने लाखा केलो डेम के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक RJ 02 GB 1654 को रोककर जांच की।

पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका चालक

ट्रक चालक की पहचान अब्दुल वहाब (50 वर्ष), पिता अब्दुल मुनाब, निवासी गदियामेश, थाना हकलेरा, जिला झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई। वाहन में लोड सामान के संबंध में पूछताछ करने पर चालक गोलमोल जवाब देने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने तिरपाल से ढके ट्रक की तलाशी ली, जिसमें लोहे के टुकड़े और टीन का सामान भरा मिला। चालक कबाड़ के संबंध में कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

28 टन कबाड़ की कीमत करीब 9 लाख रुपये

पुलिस ने ट्रक में लोड कबाड़ का वजन कराया, जिसमें कुल 28 टन लोहे का कबाड़ पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और उसमें लोड कबाड़ जब्त कर लिया। मामले में इस्तगासा क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

अवैध कारोबार करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button